ढोल
१. तुलसीदास वर्णन-
(१) रामचरितमानस- गोस्वामी तुलसीदास ने निगम-आगम-पुराण का समन्वय रामचरित माध्यम से किया है-
नाना पुराण-निगमा-गम सम्मतं यद्, रामायणे निगदितं क्वचिदन्यतोऽपि।
स्वान्तः सुखाय तुलसी रघुनाथ गाथा, भाषा-निबद्ध मञ्जुलमातनोति॥
(रामचरितमानस, बालकाण्ड, मंगलाचरण-)
आधिदैविक, आधिभौतिक, आध्यात्मिक, सृष्टि-क्रम तथा साधना क्रम की व्याख्या सुन्दर काण्ड में समुद्र माध्यम से की है-
सभय सिंधु गहि पद प्रभु केरे। छमहु नाथ सब अवगुन मेरे॥
गगन समीर अनल जल धरनी। इन्ह कइ नाथ सहज जड़ करनी॥
तव प्रेरित मायाँ उपजाए। सृष्टि हेतु सब ग्रंथनि गाए॥
ढोल गवाँर सूद्र पसु नारी। सकल ताड़ना के अधिकारी॥
(रामचरितमानस, सुन्दर काण्ड, ५९/१-४)
यहां स्पष्ट रूप से कहा है कि परम पुरुष (राम) की माया या प्रकृति द्वारा यह सृष्टि क्रम है, जो शास्त्रों में कहा है।
(२) शास्त्रों के उदाहरण-
मयाध्यक्षेण प्रकृतिः सूयते सचराचरम् (गीता, ९/१०)
दैवी ह्येषा गुणमयी मम माया दुरत्यया (गीता , ७/१४)
मायां तु प्रकृतिं विद्यान् मायिनं तु महेश्वरं ।
तस्यावयवभूतैस् तु व्याप्तं सर्वं इदं जगत् ॥ (श्वेताश्वतर उपनिषद्, ४/१०)
माया ह जज्ञे मायायाः (अथर्व, ८/९/५)
मायामू तु यज्ञियानाम् एताम्, अपो यत् तूर्णिः चरति प्रजानन् (ऋक्, १०/८८/६, निरुक्त, ७/२७)
पूर्वापरं चरतो मायया एतौ शिशू क्रीळन्तो परि यातो अध्वरम् (ऋक्, १०/८५/१८, अथर्व ७/८१/१, १३/२/११, १४/१/२३, मैत्रायणी सं, ४/१२/२, तैत्तिरीय ब्राह्मण, २/७/१२/२)
(३) सृष्टि क्रम-
भूमिरापोऽनलो वायुः कं मनो बुद्धिरेव च। अहंकार इतीयं मे भिन्ना प्रकृतिरष्टधा॥ (गीता, ७/४)
तस्माद् वा एतस्माद् आत्मनः (आत्मा, चेतन द्वारा) आकाशः सम्भूतः। आकाशाद् वायुः। वायोः अग्निः। अग्नेः आपः। अद्भ्यः पृथिवी। (तैत्तिरीय उपनिषद्, २/१/३)
विरल स्रोत पदार्थ के जल जैसे समुद्र से सृष्टि पिण्ड बने हैं, अतः समुद्र से ही यह क्रम कहवाया है। अप् के ९ स्तर हैं, जिनके घनीभूत रूप को पृथ्वी कहते हैं। बीच की स्थिति को वराह (जल एवं भूमि का जीव) या मेघ (जल + वायु मिश्रण) कहा गया है। अप् के स्तर हैं- (क) रस या आनन्द (रसो वै सः, रसं लब्ध्वा आनन्दी भवति-तैत्तिरीय उपनिषद्, २/७/२), (ख) सलिल (तरंग या कम्पन सहित), (ग) सरिर् (दृश्य तरंग, शरीर),
आपो ह वाऽ इदमग्रे सलिलमेवास। (शतपथ ब्राह्मण, ११/१/६/१)
सरिरे त्वा सदने सादयामि (वा. यजु, १३/५३)
सरिरं छन्दः। (वा. यजु, १५/४)
(घ) अप् (ब्रह्माण्ड का मूल पदार्थ), (ङ) अम्भ (कम्पन सहित), (च) आण्ड (ब्रह्माण्ड पिण्डों का निर्माण पदार्थ),
सोऽपोऽसृजत वाच एव लोकात्। वागेवास्य साऽसृज्यत। सेदं सर्वमाप्नोत्-यदिदं किञ्च। यदाप्नोत्-तस्मादापः। यदवृणोत्, तस्माद् वाः (वारिः)। सोऽकामयत-आभ्योऽद्भ्योऽधिप्रजायेय-इति। सोऽनया त्रय्या विद्यया सह अपः प्राविशत्। तत आण्डं समवर्त्तत। (शतपथ ब्राह्मण, ६/१/१/९)
अद्भिः वा इदं सर्वं आप्तम् (शतपथ ब्राह्मण, १/१/१/१४, २/१/१/४ आदि)
आपो वा अम्बयः (कौषीतकि ब्राह्मण, १२/२, ऋक्, १/२३/१६)
अयं वै लोको अम्भांसि (तैत्तिरीय ब्राह्मण, ३/८/१८/१)
मर (सौर मण्डल की सीमा पर), मरीचि (तीक्ष्ण रूप), जल (पृथ्वी सतह पर)।
स इमाँल्लोकनसृजत । अम्भो मरीचीर्मरमापोऽदोऽम्भः परेण दिवं द्यौः प्रतिष्ठान्तरिक्षं मरीचयः पृथिवी मरो या अधस्तात्ता आपः । (ऐतरेय उपनिषद्, १/१/२)
२. आधिदैविक सृष्टि-
सांख्य दर्शन के अनुसार चेतन तत्त्व पुरुष है, जड़ पदार्थ स्त्री है, जो पुरुष द्वारा नियन्त्रित होते हैं। यहां ताड़ना का अर्थ नियन्त्रण, सञ्चालन है। घनता के क्रम में पदार्थ के ५ स्तर हैं-आकाश, वायु, अग्नि, अप् (जल), पृथ्वी।
स ऐक्षत प्रजापतिः (स्वयम्भूः) इमं वा आत्मनः प्रतिमामसृक्षि। आत्मनो ह्येतं प्रतिमामसृजत। ता वा एताः प्रजापतेरधि देवता असृज्यन्त-(१) अग्निः (तद् गर्भितो भूपिण्डश्च), (२) इन्द्रः (तद् गर्भितः सूर्यश्च), सोमः (तद् गर्भितः चन्द्रश्च), (४) परमेष्ठी प्राजापत्यः (स्वायम्भुवः)-शतपथ ब्राह्मण (११/६/१/१२-१३)
आकाश में इस क्रम के ५ सर्ग हैं-
स्वयम्भू मण्डल-१०० अरब ब्रह्माण्ड-प्रायः शून्य घनत्व-आकाश तत्त्व
ब्रह्माण्ड- १०० अरब तारा- गति का आरम्भ-वायु तत्त्व
सौर मण्डल- सूर्य का प्रकाश क्षेत्र-अग्नि तत्त्व
चान्द्र मण्डल-चन्द्र कक्षा का गोल-अपेक्षाकृत कम ताप-जल तत्त्व
भू मण्डल-सबसे घना पिण्ड पृथ्वी-भूमि तत्त्व
नक्षत्र रूपी कणों की खर्व संख्या शतपथ ब्राह्मण में है। शरीर का कण लोम गर्त है। लोम का अर्थ चर्म पर सूक्ष्म केश हैं। उसका गर्त्त या आधार शरीर के कोष या कलिल हैं। यह एक काल-मान भी है क्यों कि १ वर्ष में जितने लोमगर्त्त हैं उतने ही शरीर में कलिल हैं। वर्ष में १०८०० मुहूर्त्त हैं (३६० x ३०)। १ मुहूर्त्त को ७ बार १५-१५ से भाग देने पर लोमगर्त आता है जो सेकण्ड का प्रायः ७५,००० भाग है। (शतपथ ब्राह्मण, १२/३/२/५) वर्ष या शरीर में जितने लोमगर्त्त हैं उतने ही आकाश में नक्षत्र हैं (शतपथ ब्राह्मण, १०/४/४/२)
ऊर्जा या पदार्थ का घना रूप अग्नि है। ये ५ पर्व ५ अग्नि हैं, जिनमें अन्तिम ३ का मिलाजुला प्रभाव है-त्रि-णाचिकेत। चिकेत = स्पष्ट, अलग अलग। अनुभवगम्य होने के कारण इनको शिव का ३ नेत्र कहते हैं।
पञ्चाग्नयो ये च त्रिणाचिकेताः (कठोपनिषद्, १/३/१)
अग्निर्मूर्धा चक्षुषी चन्द्र सूर्यौ (मुण्डकोपनिषद्, २/१/४)
प्रथम ५ स्वर इनके प्रतीक हैं, जिनसे माहेश्वर सूत्र का आरम्भ होता है-अइउण्। ऋलृक्। मङ्गल कार्य में शिव के स्मरण के लिए अन्तिम ३ का उच्चारण करते हैं (उ, ऋ, लृ)। इनका लगातार उच्चारण उलूलय है, जो विजय घोष, आनन्द आदि है। इसका अपभ्रंश होली है।
उद्धर्षतां मघवन् वाजिनान्युद वीराणां जयतामेतु घोषः।
पृथग् घोषा उलुलयः एतुमन्त उदीरताम्। (अथर्व, ३/१९/६)
राम के अश्वमेध यज्ञ में भी जब सीता को वाल्मीकि लेकर आये, तो उनके स्वागत के लिये हुलहुली हुयी थी-
तां दृष्ट्वा श्रुतिमायान्तीं ब्रह्माणमनुगामिनीम्। वाल्मीकेः पृष्ठतः सीतां साधुवादो महानभूत्॥१२॥
ततो हलहला शब्दः सर्वेषामेवमाबभौ। दुःख-जन्म विशालेन शोकेनाकुलितात्मनाम्॥१३॥
(रामायण, उत्तरकाण्ड, सर्ग ७८)
यह परम्परा ओड़िशा में आज भी चल रही है।
३. महाभूतों के प्रतीक-
(१) ढोल-आकाश खाली स्थान है, उसका शब्द गुण है-दोनों गुण ढोल में होने से उसकी उपमा ढोल से है (ढोल के भीतर पोल, उससे शब्द)।
दुन्दुभेः तु ग्रहणेन दुन्दुभ्य आघातस्य शब्दो गृहीतः (बृहदारण्यक उपनिषद्, २/४/७)
आत्मा की उत्क्रान्ति (शरीर से अलग, बाह्य लोकों में जाने का क्रम) क्रमसः बड़े आकाश में होती है-रथ चक्र का छेद (खं = खोल), आदित्य में लम्बर का खं, उसके बाहर दुन्दुभि का खम्-
यदा वै पुरुषो अस्मात् लोकात् प्रति, स वायुं आगच्छति। तस्मै स तत्र विजिहीते, यथा रथचक्रस्य खम्। । तेन स ऊर्ध्व उत्क्रामते, स चन्द्रमसं आगच्छति। तस्मै स तत्र विजिहीते, यथा दुन्दुभेः खम्। तेन स ऊर्ध्वं आक्रमते। स लोकं आगच्छति अशोक महिमम्। तस्मिन् वसति शाश्वती समां। (बृहदारण्यक उपनिषद्, ५/१०/१)
सूर्य रथ का चक्र शनि कक्षा तक है, ९,००० सूर्य व्यास योजन परिधि, या १,५०० त्रिज्या। इसे पुरुष सूक्त में सहस्राक्ष कहा है। इसका ईषा-दण्ड २ गुणा अर्थात् ३,००० व्यास तक है (विष्णु पुराण, २/८/३)। यहां तक सौर वायु है (वाज. यजु के प्रथम मन्त्र के अनुसार इषा = वायवस्थ ऊर्जा), जिसका पता २००८ में चला।
(२) गंवार-जड़ चेष्टा वाले को ग्राम्य (गंवार) कहा है-
ग्राम्यासु जड चेष्टासु सततं विचिकित्सते (अक्ष्युपनिषद्, ८)
सौर वायु का किरणों का प्रभाव वेद में सेनानी कहा गया है, उससे चलाये गये जीव ग्रामणी या गंवार हैं। यह नेता के पीछे भक्तों की भेड़ चाल है, जो गंवार का चिह्न है।
अयं पुरो हरिकेशः सूर्यरश्मिः तस्य रथगृत्सश्च रथौजाश्च सेनानी-ग्रामण्यौ ((वाज. यजु, १५/१५)
अयं दक्षिणा विश्वकर्मा तस्य रथस्वनश्च रथेश्चित्रश्च एनानी ग्रामण्यौ। (यजु, १५/१६)
अयं पश्चाद् विश्वव्यचाः तस्य रथप्रोतश्च असमरथश्च सेनानी ग्रामण्यौ। (यजु, १५/१७)
अयं उत्तरात् संयद्वसुः तस्य तार्क्ष्य्श्च अरिष्टनेमिश्च सेनानी-ग्रामण्यौ। (यजु, १५/१८)
अयं उपर्यर्वाग्वसुः तस्य सेनजित् च सुषेणश्च सेनानी-ग्रामण्यौ (यजु, १५/१९)
यहां ग्रामणी मनुष्य आत्मा है जिसका प्रकाश गति से सूर्य से सम्बन्ध है और वह १ मुहूर्त में ३ बार जा कर लौट आता है, इस पर ग्रहों के प्रभाव से किरण सम्बन्ध की दिशा तथा रंग बदलते हैं।
ब्रह्मसूत्र (४/२/१७-२०)-१-तदोकोऽग्रज्वलनं तत्प्रकाशितद्वारो विद्यासामर्थ्यात्तच्छेषगत्यनुस्मृतियोगाच्च हार्दानुगृहीतः शताधिकया।
२. रश्म्यनुसारी। ३. निशि नेति चेन सम्बन्धस्य यावद् देह भावित्वाद दर्शयति च। ४. अतश्च अयनेऽपि दक्षिणे।
रूपं रूपं मघवा बोभवीति मायाः कृण्वानस्तन्वं परि स्वाम्।
त्रिर्यद्दिवः परिमुहूर्त्तमागात् स्वैर्मन्त्रैरनृतुपा ऋतावा॥(ऋक्, ३/५३/८)
त्रिर्ह वा एष (मघवा = इन्द्रः, आदित्यः = सौर प्राणः) एतस्या मुहूर्त्तस्येमां पृथिवीं समन्तः पर्य्येति। (जैमिनीय ब्राह्मण उपनिष,द् १/४४/९)
इसका विस्तृत वर्णन बृहदारण्यक उपनिषद् (४/४/८-९), छान्दोग्य उपनिषद् (८/६/१, २/५), वाज. यजु. (१५/१५-१९, १७/५८, १८/४०), कूर्म पुराण (भाग १, ४३/२-८), मत्स्य पुराण (१२८/२९-३३), वायु पुराण (५३/४४-५०), लिङ्ग पुराण (१/६०/२३), ब्रह्माण्ड पुराण (१/२/२४/६५-७२) में है।
(३) शूद्र का अर्थ है-आशु + द्रवति, जो शीघ्रता से काम करता है, तकनीक में दक्ष है। किन्तु जितने का आदेश होता है तथा पैसा मिलता है, उतना ही काम करता है। शूद्राः किमु-स्व क्रियया विहीनः (भव सन्तरणोपनिषद्, २/६४)
(४) पशु- जो ८ प्रकार के सांसारिक पाशों से बन्धा है, वह पशु है-पशुपतिः अहङ्कार आविष्टः संसारी जीवः स एव पशुः (जाबालि उपनिषद्, २)
पाशबद्धः स्मृतो जीवः पाशमुक्तः सनातनः। (नारायण उत्तरतापिनी उपनिषद्, १/७)
घृणा लज्जा भयं शंका ,जुगुप्सा चेति पञ्चमी।
कुलं शीलं तथा जातिः अष्टो पाशाः प्रकीर्तिताः॥
पाशबद्धो भवेत् जीवः, पाशमुक्तो सदाशिवः। (कुलार्णव तन्त्र)
पशु निर्माण या यज्ञ का साधन मात्र है, चेतनाहीन पुरुष भी पशु है।
(अग्निः) एतान् पञ्च पशून् अपश्यत्। पुरुषं अश्वं गां, अविं, अजं-यद् अपश्यत्, तस्मात् एते पशवः। (शतपथ ब्राह्मण, ६/२/१/२)
देवा यज्ञं तन्वाना अबध्नन् पुरुषं पशुम्॥१५॥
(५) नारी-भूमि धारण करने का स्थान है जैसे स्त्री मनुष्य को गर्भ में धारण करती है।
भूमिः धेनुः धरणी लोकधारिणी (महानारायण उपनिषद्, ४/५)
धरुणो मातरं धयन् इति अग्निं एव एतत् पृथिवीं धयन्तं आह। (शतपथ ब्राह्मण, ४/६/९/९)
४. ताड़न-
’ड’ अक्षर २ प्रकार का है। देवनागरी वर्णमाला में ’ड’ है, ’ड़’ नहीं है। यह वैदिक लिपि ब्राह्मी के ’ळ’ का हिन्दी उच्चारण है, जो कन्नड़ तथा तेलुगू में चल रहा है। ओड़िया, मराठी में भी २ प्रकाल के ’ल’ हैं। ’ळ’ का हिन्दी में ’ल’, ’ड़’ या ’र’ हो जाता है।
ताडन का मूल ४ संस्कृत धातु हैं-
(क) तड आघाते (धातु पाठ १/२०१)-मारना, पीटना।
(ख) तड भासार्थः, भाषार्थो वा (१०/२२५)-चमकाना (सुधार करना, अच्छा करना), डांटना या धमकाना। ज्योतिष में सूर्य या चन्द्र का ग्रहण।
(ग) तण्डि (तण्ड्) ताडने (१/१७९)-यहां ताडन का अर्थ ताळन होगा। ताड़ वृक्ष, ताल (संगीत स्वर), ताली (हाथ से ताल देना, ताल देने वाली सरस्वती), ताड़ना या मापना, सीमा (टांड़, तड़ी पार), ताण्डी (सीमा पर रहने वाला-ओड़िया उपाधि), गणित में गुणा करना। ताण्ड्य महाब्राह्मण (सामवेद का, साम = प्रभाव क्षेत्र, संगीत का लय)।
(घ) तल प्रतिष्ठायाम् (१०/६५)-तालयति-पूर्ण होना, स्थापित करना, सिद्ध करना।
इसके अनुसार ताडन के अर्थ हैं-
(१) पीटना, धक्का देना, (२) डांटना, (३) ढोल आदि बजाना, (४) सितार बजाना, (५) लज्जित करना, (६) धमकाना, (७) सूर्य या चन्द्र का ग्रहण, (८) गणित में गुणा करना, (९) बिजली चमकना, तड़ित्, (१०) नृत्य-ताण्डव, (११) तड़ी पार।
५. आध्यात्मिक अर्थ-
आन्तरिक साधना विपरीत क्रम में है, भूमि तत्त्व से ऊपर उठ कर क्रमशः सूक्ष्म स्तरों में जाते हैं। इसे संहार क्रम कहते हैं। भूमि रूप मूलाधार चक्र की शक्ति कुण्डलिनी है जिसे उठाने के लिए उसका ताड़न किया जाता है।
अपान ऊर्ध्वगे जाते प्रयाते वह्निमण्डलम्।
तदानलशिखा दीर्घा जायते वायुना हता॥६६॥
= अपान (वायु की निम्न गति) ऊपर अग्नि क्षेत्र (नाभि का मणिपूर चक्र) में जाने पर अग्नि प्रज्वलित होती है।
ततो यातो वह्न्यपानौ प्राणमुष्ण स्वरूपकम्।
तेनात्यन्त प्रदीप्तस्तु ज्वलनो देहजस्तथा॥६७॥
= अपान तथा अग्नि का प्राण (वायु की ऊपर गति) से संयोग होने पर अग्नि तीव्र होती है।
तेन कुण्डलिनी सुप्ता सन्तप्ता सम्प्रबुध्यते।
दण्डाहता भुजङ्गीव निश्वस्य ऋजुतां व्रजेत्॥६८॥
= तीक्ष्ण ताप से सुप्त कुण्डलिनी जग जाती है तथा दण्ड से पीटे हुए सर्प के समान सीधी हो कर फुफकारती है।
बिलं प्रविष्टेव ततो ब्रह्मनाड्यन्तरं व्रजेत्।
तस्मान्नित्यं मूलबन्धः कर्तव्यो योगिभिः सदा॥६९॥
जिस तरह सर्प छोटे छेद में प्रवेश करता है, उसी प्रकार कुण्डलिनी ब्रह्मनाडी में प्रवेश करती है। अतः योगी को सदा मूलबन्ध का अभ्यास करना चाहिए। (हठयोग प्रदीपिका, ३/६६-६९)
योगशिखोपनिषद् के ६ अध्यायों में इसका बहुत विस्तृत वर्णन है। केवल प्रथम अध्याय की कुछ पंक्तियां उद्धृत हैं-
वायुवत् स्फुरितं स्वस्मिन् तत्राहङ्कृतिरुत्थिता। पञ्चात्मकम् अभूत् पिण्डं धातुबद्धं गुणात्मकम्॥८॥
महाभूतानि तत्त्वानि संहृतानि क्रमेण च। सप्त धातु मयो देहो दग्धो योगाग्निनाशनैः॥४०॥
ध्यायते सततं प्राज्ञोहृत् कृत्वा परमेश्वरम्। एक स्तम्भे नव द्वारे त्रि स्थूणे पञ दैवते॥७२॥
आदित्य मण्डलाकारं रश्मि ज्वाला समाकुलम्॥७३॥
तस्य मध्यगतं वह्निं प्रज्वलेद् दीप वर्तिवत्। दीपशिखा तु या मात्रा सा मात्रा परमेश्वरे॥७४॥
भिन्दन्ति ओगिनः सूर्यं योगाभ्यासेन वै पुनः। द्वितीयं सुषुम्ना द्वारं परिशुभ्रं समर्पितम्॥७५॥
वायुना ज्वलितो वह्निः कुण्डलीं अनिशं दहेत्। सन्तप्ता साग्निना जीव शक्ति त्रैलोक्य मोहिनी॥८५॥
प्रविशेत् चन्द्र तुण्डे तु सुषुम्ना वदनान्तरे। वायुना वह्निना सार्धं ब्रह्मग्रन्थिं भिनत्ति सा॥८६॥
विष्णु ग्रन्थिं ततो भित्त्वा रुद्रग्रन्थौ च तिष्ठति। ततस्तु कुम्भकैर्गाढं पूरयित्वा पुनः पुनः॥८७॥
(योगशिखोपनिषद्, अध्याय १)
ब्रह्म ग्रन्थि = मूलाधार (लं), स्वाधिष्ठान (वं), मणिपूर (रं) तक। बीजमन्त्रों को जोड़ने पर यह लम्बर है।
विष्णु ग्रन्थि मणिपूर से विशुद्धि तक। यहां का आकाश सूक्ष्म और विस्तृत होता है। उसके बाद विशुद्धि से ऊपर रुद्र ग्रन्थि आज्ञा, सहस्रार तक जहां परमेश्वर हैं। इसके ऊपर अशोक-महिम है।
यदा वै पुरुषो अस्मात् लोकात् प्रति, स वायुं आगच्छति। तस्मै स तत्र विजिहीते, यथा रथचक्रस्य खम्। तेन स ऊर्ध्व उत्क्रामते, स चन्द्रमसं आगच्छति। तस्मै स तत्र विजिहीते, यथा दुन्दुभेः खम्। तेन स ऊर्ध्वं आक्रमते। स लोकं आगच्छति अशोक महिमम्। तस्मिन् वसति शाश्वती समां। (बृहदारण्यक उपनिषद्, ५/१०/१)-पूर्व में इसका आधिदैविक अर्थ कहा गया है।
आध्यात्मिक अश्वमेध के लिए यह यजुर्वेद (२९/४३) में कहा है-रथे तिष्ठन् नयति वाजिनः पुरो यत्र यत्र कामयते सुषारथिः।
अभीशूनां महिमानं पनायत मनः पश्चाद् अनु यच्छन्ति रश्मयः॥ (सुषा = सुषुम्ना, रश्मयः = प्रकाश किरण, या घोड़े की लगाम)
मूलाधार में स्थित आदि शक्ति रूप कुण्डलिनी को क्रमशः ६ चक्रों को भेदते हुए उठाते हैं। सबसे ऊपर सहस्रार चक्र में पहुंचने पर उसका अमृत पान होता है जिससे मद्य पीने जैसा आनन्द होता है। उसके बाद पुनः भूमि रूप मूलाधार में कुण्डलिनी वापस आ जाती है। बार-बार उसका उत्थान कर सहस्रार में ब्रह्मानन्द का अनुभव करने वाले का पुनर्जन्म नहीं होता है।
पीत्वा पीत्वा पुनः पीत्वा, यावत् पतति भूतले।
उत्थाय च पुनः पीत्वा, पुनर्जन्म न विद्यते।। (कुलार्णव तन्त्र, ७/१००)
बार-बार पी कर भूमि पर गिरता है। उसके बाद उठ कर जो पुनः पीता है, उसका पुनर्जन्म नहीं होता।
शंकराचार्य ने यही सौन्दर्य लहरी में लिखा है-
महीं मूलाधारे कमपि मणिपूरे हुतवहं, स्थितं स्वाधिष्ठाने हृदि मरुतमाकाशमुपरि।
मनोऽपि भ्रूमध्ये सकलमपि भित्त्वा कुलपथम्, सहस्रारे पद्मे सह रहसि पत्या विहरसि।।
( शंकराचार्य, सौन्दर्य लहरी, श्लोक ९)
(कुण्डलिनी शक्ति) भूमि तत्त्व रूप मूलाधार में है। वह जल (कं) रूप मणिपूर में, अग्नि रूप स्वाधिष्ठान में, मरुत् रूप हृदय (अनाहत चक्र) में, उसके ऊपर (कण्ठ में विशुद्धि चक्र के) आकाश तत्त्व में, भ्रूमध्य (के पीछे) मन (आज्ञा चक्र) को भेदते हुए कुल पथ में ऊपर जाकर सहस्रार पद्म में जाती है और पति के साथ विहार करती है।
उत्थान के लिए हर काण्ड से आगे बढ़ना पड़ता है, जैसे दूर्वा। दूर्वा दान का मन्त्र है-
काण्डात् काण्डात् प्ररोहन्ति परुषः परुषस्परि। एवा नो दूर्वे प्र तनु सहस्रेण शतेन च॥ (वाज. यजु, १३/२०)
इसका आरम्भ मूलाधार के अन्नमय कोष से होता है-
तदन्नेनातिरोहति (पुरुष सूक्त, २, वाज यजु, ३१/२)
६. लौकिक अर्थ-
(१) माप अर्थ में-ताड़ना का अर्थ है, माप, अनुमान। जिसकी जैसी क्षमता हो, उसके साथ वैसा ही व्यवहार हो, या उपयोग किया जाय।
(क) ढोल- इससे केवल शब्द निकाल सकते हैं। इसके लिए उचित तनाव दे कर सीमित शक्ति से क्रम में पीटना पड़ेगा।
(ख) गंवार-अशिक्षित या अयोग्य व्यक्ति को जितना जानता है, उतना ही काम दे सकते हैं। उससे काम कराना ही उसकी ताड़ना है।
(ग) शूद्र-शूद्र का अर्थ है-आशु + द्रवति = जो शीघ्र या दक्षता से काम कर सके। इसकी विशेषता शिल्प ज्ञान है, जिसकी सबको आवश्यकता है। इस अर्थ में वह समाज के सभी वर्गों (अन्य शूद्रों की भी) की सेवा करता है। इसकी जो विशेषता है वही काम दे सकते हैं। बिजली मिस्त्री से बढ़ई का काम नहीं करा सकते।
(घ) पशु-इनकी सीमित क्षमता या उपयोग है। बैल केवल खेत जोत सकता है, या गाड़ी खींच सकता है। तेज गति से चलने के लिए घोड़े का प्रयोग होता था। कुत्ता, भेड़ आदि के सीमित उपयोग हैं। वेद के व्यापक अर्थ में जितनी भी वस्तुओं का निर्माण या यज्ञ में प्रयोग हो सकता है, वह पशु हैं। स्रष्टा प्रजापति ने जितनी चीजों को देखा वे ५ प्रकार के पशु थे-पुरुष (पुर या रचना में स्थित), अश्व (चलाने की शक्ति), गौ (गति, स्थान, साधन), अवि (भेड़-सीधी अग्रगति), अज (बकरी, अजन्मा, सनातन)।
(अग्निः) एतान् पञ्च पशून् अपश्यत्। पुरुषं अश्वं गां, अविं, अजं-यद् अपश्यत्, तस्मात् एते पशवः। (शतपथ ब्राह्मण, ६/२/१/२)
देवा यज्ञं तन्वाना अबध्नन् पुरुषं पशुम्॥१५॥
तस्मादश्वा अजायन्त ये के चोभयादतः। गावो ह जज्ञिरे तस्मात्तस्माज्जाता अजावयः॥८॥ (पुरुष सूक्त)
इनमें जिन पशुओं का उपयोग हो सकता है, वे ग्राम्य हैं (ग्राम या नगर के लोगों द्वारा प्रयुक्त), जिनका उपयोग नहीं होता वे आरण्य हैं।
विश्वरूपं वै पशूनां रूपम् (ताण्ड्य महाब्राह्मण, ५/४/६)
पशूँस्ताँश्चक्रे वायव्यानारण्या ग्राम्याश्च ये॥६॥ (पुरुष सूक्त)
सप्त ग्राम्याः पशवः सप्तारण्याः (शतपथ ब्राह्मण, ३/८/४/१६, ९/५/२/८)
अस्मै वै लोकाय ग्राम्याः पशवः आलभ्यन्ते। अमुष्मा आरण्याः। (तैत्तिरीय ब्राह्मण, ३/९/३/१)
(ङ) नारी-कुछ काम केवल स्त्रियों द्वारा ही सम्भव है-सन्तान को जन्म देना, उसका पालन करना। अतः घर सम्भालने में अधिक योग स्त्रियों का ही है, जिसके लिए उनको कष्ट उठाना पड़ता है। यही उनका ताड़न है। विभिन्न वर्गों का महत्व वेद में वर्णित है।
आ ब्रह्मन् ब्राह्मणो ब्रह्मवर्चसी जायताम् आ राष्ट्रे राजन्यः शूर ऽ इषव्यो ऽतिव्याधी महारथो जायतां दोग्ध्री धेनुर् वोढानड्वान् आशुः सप्तिः पुरंधिर् योषा जिष्णू रथेष्ठाः सभेयो युवास्य यजमानस्य वीरो जायतां निकामे-निकामे नः पर्जन्यो वर्षतु फलवत्यो न ऽ ओषधयः पच्यन्तां योगक्षेमो नः कल्पताम्॥ (वाज. यजु, २२/२२)
(२) दण्ड या नियन्त्रण-(क) ढोल-एक ढोल तो वाद्य यन्त्र है जिसे बजाने के लिए पीटना पड़ता है। कुछ मनुष्य भी ढोल जैसे हैं, जो बड़ा दिखावा करते हैं, पर भीतर कुछ भी नहीं होता (ढोल के भीतर पोल)-
अविद्यायामन्तरे वर्तमानाः, स्वयं धीराः पण्डितं मन्यमानाः।
दन्द्रम्यमानाः परियन्ति मूढ़ाः, अन्धेनैव नीयमाना यथान्धाः॥ (कठोपनिषद्, २/१/५)
उनकी उपेक्षा करनी चाहिये। कई लोग उनके दुष्प्रचार से ठगे जाते हैं, इसके लिए कानून द्वारा नियन्त्रित करना चाहिए।
(ख) गंवार-जो समाज या परिवार के नियम नहीं जानता या उल्लंघन करता है, उसे भूल के अनुपात में दण्डित करना पड़ता है। समुद्र ने भी उत्तर तट के दुष्टों के संहार करने का अनुरोध किया था-
एहि सर मम उत्तर तट वासी। हतहु नाथ खल नर अघ रासी॥ (रामचरितमानस, सुन्दर काण्ड, ६०/३)
अध्यात्म रामायण, युद्धकाण्ड (३/८१-८२) में भी यह लिखा है।
(ग) शूद्र-अपनी तकनीकी श्रेष्ठता से दूसरों को अपने वश में या एकाधिकार करना इनके दोष हैं। काम या सेवा से अधिक पैसा वसूलने के लिए दण्डित किया जाता है।
(घ) पशु-पशु मनुष्य की बात नहीं समझ सकता। उससे काम कराने के लिए अल्प ताड़ना करनी पड़ती है, या प्रोत्साहन कम करना पड़ता है।
(ङ) नारी-स्त्री को पीटना शास्त्र में वर्जित है। उनका आवश्यक कर्तव्य ही उनकी ताड़ना है जिसके लिए उनको कष्ट उठाना पड़ता है। गीता में अर्जुन ने युद्ध की हानि के विषय में कहा था कि स्त्रियां दुष्ट होने से वर्णसंकर होते हैं (अभी सरकार द्वारा वर्णसंकर होने के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है)-
स्रीषु दुष्टासु वार्ष्णेय जायते वर्णसंकरः (गीता, १/४१)
भगवान् ने केवल उन्हीं प्रश्नों का उत्तर दिया, जो बुद्धिमत्तापूर्ण थे-प्रज्ञावादांश्च भाषसे (गीता, २/११)
स्त्रियों के दुष्ट होने में पुरुषों का अधिक हाथ है। राजा अश्वपति ने कहा था कि उनके राज्य में कोई स्वैरी नहीं है, स्वैरिणी कहां से हो सकती है?
न मे स्तेनो जनपदे, न कदर्यो न मद्यपः, न अनाहिताग्निः वा अविद्वान्, न स्वैरी स्वैरिणी कुतः। (छान्दोग्य उपनिषद्, ५/११/५)
No comments:
Post a Comment