जब चितपावन ब्राह्मणों की लिंचिंग की गई थी, तब किसी ने यह नहीं सोचा कि जिन गाँधी जी की हत्या से उत्तेजित होकर यह नरसंहार किया जा रहा है, उनका आगा-पीछा यही चितपावन ब्राह्मण ही थे। गाँधीजी के राजनीतिक गुरु, स्वयं उनके कथनानुसार, गोपालकृष्ण गोखले थे और उनके सर्वश्रेष्ठ शिष्य,स्वयं उनके कथनानुसार, विनोबा भावे। दोनों चितपावन ब्राह्मण ही थे। न केवल गाँधी के संस्कार निर्माता बल्कि गाँधी के विरसे के सबसे प्रामाणिक संरक्षक के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का यह नया तरीक़ा था।
आज विनोबा जी का दिन है जिन्हें गाँधी जी ने अपना आध्यात्मिक उत्तराधिकारी कहा था, आज बिरसा मुंडा का दिन है जिसने अंग्रेजों के खुले समर्थन और सैनिक दबाव से चलने वाली मिशनरी गतिविधियों के विरुद्ध भी लड़ाई लड़ी थी। तब आज उन चितपावनों की भी याद कर लेनी चाहिए जिन्होंने धर्मांतरण के विरुद्ध पहले पहल जनसंगठन करना शुरू किया था। विष्णु भीकाजी गोखले दकन के पहाड़ पर ध्यानावस्था से उतरकर क्यों इनका विरोध करने आ गये थे? 1857 की क्रांति से 12 वर्ष पहले? कृष्ण शास्त्री चिपलूनकर ईसाई inroads के विरुद्ध लिखने क्यों लग गये थे? उनके पुत्र विष्णु कृष्ण चिपलूनकर क्यों मतांतरण के विरुद्ध सावधान करने लगे थे? उन्होंने कहा था कि सब चीजों की शुरुआत स्वतंत्रता से होती है। यदि वह नहीं है तो धन वैश्या है। कोई भी उसका उपभोग करेगा। पूर्ण स्वराज की घोषणा 1930 में रावी नदी के किनारे एक दलविशेष के अधिवेशन में हुई, यह वही कह सकता है जिसने विष्णुकृष्ण चिपलूनकर के विस्फोटक साहित्य को न पढ़ा हो।
इस देश में स्वातंत्र्य के प्रति सबसे शुरू में जान की बाज़ी लगाने वालों में ये ही चितपावन ब्राह्मण थे। क्या वह लिंचिंग एक नवस्वतंत्र भारत के द्वारा वासुदेव बलवंत फड़के के प्रति दिखाई गई कृतज्ञता थी? चिपलूनकर जो साहित्य में कर रहे थे, फड़के उसे ज़मीन पर कर रहे थे। कांग्रेस के जन्म के भी 10 वर्ष पहले इस बंदे ने 300 सशस्त्र नवयुवकों का दल गठित कर अंग्रेजों से लोहा लिया था। फड़के के इस विद्रोह के महत्व को आज कम करके दिखाने की कोशिश होती है लेकिन तत्कालीन अंग्रेज गवर्नर की नज़र में कम न थी। उसने इससे प्रभावित होकर लिखा था कि हमारा शासन भले ही बहुत मज़बूत दिखता हो, पर हम हमेशा एक ज्वालामुखी के मुख पर खड़े हैं। वी. एस. जोशी की पुस्तक ‘आद्य क्रांतिकारक’ पढ़ें जिसमें इन्हें ‘फ़र्स्ट रिवोल्यूशनरी’ बताया गया है।सो आज़ादी की पहली फुरसत में उसी के प्रति यों आभार प्रकट किया जा रहा था। उसी के वंशजों को मारकर। जिसने ‘इंडिया फॉर द इंडियन्स’ का नारा पहली पहली बार दिया, उसके यों स्मृतिलेख लिखे हमने! जैसे शिवाजी गिरफ़्तारी से भाग छूटे थे, वैसे ही फड़के भी गिरफ़्तारी से भाग निकले थे। बाद में फिर पकड़े गये, सावरकर के समान। सुभाष भी नज़रबंदी से भाग निकले थे। लेकिन 1948 में फड़के के कई दुर्भाग्यशाली कोंकणस्थ वंशज भाग भी न सके, जब उन्हें उत्तेजित भीड़ ने रातोंरात घेर लिया।
और जिनके भाषणों व लेखन कर्म से फड़के अत्यंत प्रभावित थे, वे एम जी रानाडे कौन थे? वे भी चितपावन ब्राह्मण थे। उन्होंने न केवल प्रार्थना समाज की स्थापना की थी बल्कि बाद में जाकर वे ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक बने। एक जस्टिस से एक क्रांतिकारी के प्रेरित होने की ये एक अजीब-सी लेकिन महत्त्वपूर्ण घटना है।रानाडे ने ही पहले पहल मराठा इतिहास को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में रखा था। उनके समकालीन श्री डी. ई. वाचा उनमें प्राचीन ऋषि की आत्मा को मूर्तिमंत देखते थे। तो नवस्वतंत्र देश की भीड़ और उसका नेतृत्व करते हुए नेता अपने ही दल के संस्थापक सदस्य के वंशजों को मारकर यह कृतज्ञता ज्ञापन कर रहे थे?
जिसे हम नरमपंथ और गरमपंथ की लड़ाई कहते हैं, उन दोनों का नेतृत्व दो चितपावन ब्राह्मण ही कर रहे थे। एक तरफ़ गोपालकृष्ण गोखले थे, एक तरफ़ तिलक। और 1948 में उन्हीं के वंशजों को मारकर भीड़ उनका अहसान उतार रही थी।
रौलेट कमिटी की रिपोर्ट एक जाति-विशेष का उल्लेख करती है तो इन्हीं चितपावन ब्राह्मणों का करती है। "A few words are necessary on the position of the Chitpavan Brahmins in Western India at the present time. Poona has remained their headquarters. They have continuously shown high intellectual capacity. They have furnished the Bombay Presidency with its two best political thinkers, Ranade and Gokhale, and the Poona Press with its most influential journalists, Telak and Paranjpe. They have provided Western India with most efficient teachers and officials. If a comparatively small body of impressionable young men of this community have imbibed revolutionary ideas, and carried their ideas to the point of political assassination, it must not therefore be supposed that the community as a whole is disaffected." यह रिपोर्ट बार बार ऐसे क्रांतिकारियों का उल्लेख करती है जो इस जाति के हैं और अंग्रेजों के विरुद्ध जनता को भड़काते रहते और हिंसक गतिविधियों में शामिल रहते हैं।
आज स्टीनली वोल्पर्ट भी अपनी पुस्तक में इसी जाति को याद करते हैं। अंग्रेजों के समय में एल्फ़िंस्टन इनके बारे में लिखता है : an intriguing, lying, corrupt, licentious and unprincipled race of people. निश्चय ही चितपावनों ने बहुत बहुत तरह से अंग्रेजों को परेशान किया होगा कि उन पर इतनी सारी विशेषण-वर्षा कर दी गई। यह एल्फिंस्टन कोई लेखक नहीं, तत्कालीन महाराष्ट्र अंचल का प्रशासक था। वह क्या उम्मीद करता था? इन लोगों ने अंग्रेजों को सोने की पत्तियाँ देना था? कोर्टेज को सोने की पत्तियाँ देकर स्वागत करने वाले मैक्सिको वासियों का कत्लेआम तो उसने चौबीस घंटे के भीतर कर डाला था। उपनिवेशवादी स्वयं मनुष्यता के निकृष्टतम नमूने थे, पर दूसरों के प्रतिरोध पर उन्हें ये सब विशेषण दे देते थे।
इसलिए जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध प्रतिरोध और स्वतंत्रता की पहली पहली लड़ाइयाँ लड़ीं, आज़ादी के बाद पहले पहल भीड़तंत्र ने उन्हें ही निपटाया था। गणतंत्र 26 जनवरी 1950 को आया था। भीड़तंत्र फ़रवरी 1948 में ही आ गया था। इस मॉबोक्रेसी को लोग उसकी निर्दयता से जानते हैं, मुझे वह स्मृतिहीनता और एहसानफरामोशी लगती है।
No comments:
Post a Comment